शाहजहांपुर , मई 15 -- उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में शुक्रवार को हैंडपंप में उतरे करंट की चपेट में आने से महिला और उसके भतीजे की मौत हो गई। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दीक्षा भंवरे ने बताया कि खुदागंज थाना क्षेत्र के हसनापुर गांव निवासी रन्ना देवी (38) घर के बाहर लगे सरकारी हैंडपंप पर पानी भरने गई थीं। इसी दौरान पानी का मोटर चालू करते समय शॉर्ट सर्किट होने से हैंडपंप में करंट उतर आया। रन्ना देवी ने जैसे ही पानी भरने के लिए हैंडपंप को छुआ, वह करंट की चपेट में आकर तड़पने लगीं। ताई को बचाने के लिए दौड़े उनके भतीजे विवेक (19) ने जैसे ही उन्हें पकड़ने का प्रयास किया, वह भी करंट की चपेट में आ गया।
ग्रामीणों ने चीख-पुकार सुनकर तुरंत मोटर बंद किया और परिजनों को सूचना दी। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित