शाहजहांपुर , मई 13 -- उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के थाना निगोही क्षेत्र में ट्रैक्टर ट्राली ने स्कूल बस को जोरदार टक्कर मारी है।हादसे में एक दर्जन से ज्यादा स्कूली छात्र छात्राएं और टीचर घायल हुई हैं, जिनमें से कई की हालत गंभीर बनी हुई है।
क्षेत्राधिकारी सदर प्रियांक जैन ने बुधवार को बताया कि थाना निगोही क्षेत्र के सुभद्रा देवी महेश चंद्र इंटर कॉलेज की स्कूल बस छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को लेकर जा रही थी कि हमजापुर चौराहे से शाहजहांपुर जाने वाली सड़क पर सीमेंट से भरी ट्रैक्टर ट्राली ने बस में जोरदार टक्कर मार दी और बस पलट गई ।
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से 16 घायलों को पलटी हुई बस से बाहर निकल गया। घायलों में कई की हालत गंभीर बनी हुई है। उनको मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद ट्रैक्टर ड्राइवर मौके से फरार हो गया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी विवेक कुमार मिश्रा ने बताया कि 21 लोग घायल हुए थे जिसमें से 16 लोगों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है बाकी पांच लोगों को हल्की चोट आई थी। उनका प्राथमिक उपचार करके घर भेज दिया गया है। 16 लोगों में तीन लोगों को हेड इंजरी हुई है कुछ लोगों का फ्रैक्चर भी है। फिलहाल मेडिकल कॉलेज में भर्ती सभी 16 लोगों का इलाज किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित