शाहजहांपुर , जून 26 -- उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के थाना बंडा क्षेत्र में शुक्रवार को मनोकामना पूर्ण करने के लिए शारदा नहर में सिक्का फेंकते समय संतुलन बिगड़ने पर एक महिला नहर में गिरकर लापता हो गई।

महिला की तलाश के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल लगातार नहर में रेस्क्यू कर महिला को ढूंढने का प्रयास कर रही है।

क्षेत्राधिकारी पुवायां सीओ प्रवीण मलिक ने शुक्रवार को बताया कि पीलीभीत जनपद के थाना बिलसंडा क्षेत्र के गांव गौहनिया की रहने वाली सीमा (22) अपनी मां के साथ शाहजहांपुर के थाना बंडा क्षेत्र में किसी अस्पताल दवाई लेने आ रही थी। तभी शारदा पुल पार करते समय सीमा पुल पर रुक कर शारदा नदी में सिक्का फेंकने के लिए नीचे झुकी जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और नहर में गिर गई। नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण सीमा गिरते ही लापता हो गई। मां की चीख पुकार सुनकर राहगीर और ग्रामीण मौके पर इकठ्ठा हो गए।

उन्होंने बताया पुलिस को सूचना मिलते ही पुलिस फोर्स स्थानीय गोताखोरों और पीएसी के जवान मौके पर पहुंचे कर नहर में तलाशी अभियान चलाया लेकिन नहर में गिरी महिला सीमा का कुछ पता नहीं चल सका। उसके बाद राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल को मौके पर बुलाकर नगर में लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। लगभग छह घण्टे बीत जाने के बाद भी सीमा का पता नहीं चला सका है।नहर में रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित