शाहजहांपुर , अप्रैल 5 -- उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के तिलहर क्षेत्र में रविवार को कंटेनर की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दो लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। पुलिस क्षेत्राधिकारी तिलहर ज्योति यादव ने बताया कि सेहरामऊ दक्षिणी थाना क्षेत्र के गांव डींगरपुर निवासी जसपाल सिंह (45) अपने साथी रावतपुर निवासी पदम सिंह (63) के साथ मोटरसाइकिल से रिश्तेदारी में जा रहे थे। इसी दौरान तिलहर क्षेत्र में लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर नगरीय मोड़ के पास पीछे से आए एक कंटेनर ने उनकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों व्यक्ति सड़क पर गिर पड़े और कंटेनर का पहिया उनके ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
उन्होंने बताया कि हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, कंटेनर को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया तथा यातायात को सुचारू कराया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित