शाहजहांपुर , जून 27 -- उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के थाना बंडा क्षेत्र में शुक्रवार को शारदा नगर में सिक्का फेंकते समय नहर में गिरकर लापता हुई पीलीभीत की युवती को राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल लगातार नहर में रेस्क्यू कर दूसरे दिन युवती के शव को दस किलोमीटर दूर से बरामद कर पुलिस को सौंप दिया।

पुलिस क्षेत्राधिकारी पुवायां (सीओ) प्रवीण मलिक ने बताया कि थाना बंडा क्षेत्र में शुक्रवार को गुड्डी देवी अपनी बीमार पुत्री सीमा (19) को ई रिक्शे पर बैठकर डॉक्टर के पास दवाई दिलाने जा रही थी तभी मकसूदपुर के पास शारदा नहर पर सीमा देवी रिक्शे से उतरकर नहर में सिक्का डालने के लिए किनारे पहुंची। इसी दौरान युवती का संतुलन बिगड़ने से वह नहर में गिर गई। नहर में पानी गहरा और बहाव तेज होने के कारण तत्काल बचाव संभव नहीं हो सका।

उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पर थाना बंडा पुलिस और प्रशासन ने पूर्व मानसून तैनाती के तहत शाहजहांपुर में स्थित हनुमतधाम में तैनात राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम को मौके पर बुलाया। निरीक्षक दीपिका के नेतृत्व में टीम ने सर्च अभियान शुरू किया।काफी प्रयास के बाद एनडीआरएफ ने घटनास्थल से लगभग 10 किलोमीटर दूर युवती का शव बरामद कर लिया।आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद शव पुलिस को सौंप दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित