शाहजहांपुर , जून 20 -- उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने अपने गृह जिले शाहजहांपुर में सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला लाला तेली बजरिया में आयोजित स्वच्छता अभियान में हिस्सा लेकर झाड़ू लगाई और लोगों को स्वच्छता अपनाने का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से बात कर क्षेत्र की समस्याएं भी सुनीं।
वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना के मोहल्ले में पहुंचने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और क्षेत्र में व्याप्त जल संकट, गंदे पानी की निकासी, नालियों की सफाई तथा टूटी पुलिया जैसी समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। लोगों ने दैनिक जीवन को प्रभावित कर रही स्थानीय व्यवस्थाओं को लेकर अपनी शिकायतें मंत्री के समक्ष रखीं।मंत्री ने नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से जनसमस्याओं के समाधान में तेजी लाने और नियमित निगरानी बनाए रखने का निर्देश दिया।
वित्त मंत्री ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं बल्कि जन भागीदारी का अभियान है। नागरिकों की सहभागिता से ही स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण तैयार किया जा सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित