शाहजहांपुर , जून 11 -- उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के तिलहर क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 24 पर गुरुवार सुबह रोडवेज बस और टैंकर की टक्कर में रोडवेज बस चालक की मौत हो गई जबकि बस में सवार छह यात्री घायल हुए हैं। पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तिलहर में भर्ती कराया है। गम्भीर रूप घायल दो लोगों कउे मेडिकल कालेज रेफर किया गया है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी तिलहर (सीओ) इशिका सिंह ने गुरुवार को बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग 24 पर सरयू पुल के पास रोहिलखंड डिपो की बस लखनऊ से बरेली की जा रही थी। बस के आगे चल रहे टैंकर चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। जिससे बस ट्रक में पीछे से जा टकराई। इस घटना में बस चालक प्रमोद कुमार, परिचालक मुकेश कुमार ,मुकेश ,सार्थक प्रीति,नितिन और गोलू सिंह घायल हो गए।घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तिलहर में भर्ती कराया। यहां डॉक्टर ने बस चालक प्रमोद कुमार (30) को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।

उन्होंने बताया कि इसके अलावा दो लोगों मुकेश और सार्थक की हालत गंभीर होने पर राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को हाईवे से हटवा कर यातायात को शुरू कर दिया है और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित