शाहजहांपुर , अगस्त 17 -- उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के थाना जैतीपुर क्षेत्र में पुलिस ने रविवार देर रात मुठभेड़ में 10 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने सोमवार को बताया कि थाना जैतीपुर क्षेत्र मरूआझाला पुलिया के पास चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। इस पर एक बदमाश ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में चंदन (30) निवासी अजीजगंज, शाहजहांपुर के बाएं पैर में गोली लगी। उसे सीएचसी जैतीपुर में भर्ती कराया गया है।
उन्होंने बताया चंदन लूट के मुकदमे में वांछित चल रहा था जिस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह जैतीपुर थाने में दर्ज लूट के मुकदमे में वांछित था। उसके कब्जे से तमंचा, चार कारतूस, बिना नंबर की मोटरसाइकिल, मोबाइल और 2,040 रुपये बरामद किए गए। पुलिस ने लखीमपुर खीरी में 17 जुलाई को हुई लूट से संबंधित पायल और मोबाइल फोन भी बरामद किया है। फरार आरोपी शिवम की तलाश की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित