शाहजहांपुर , जून 26 -- उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के थाना सेहरामऊ दक्षिणी में पुलिस की संयुक्त टीम ने चार महीने पुराने महिला की हत्या का शुक्रवार को खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतका के मोबाइल फोन के टूटे हुए कुछ हिस्से भी बरामद किए हैं।

अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) देवेंद्र कुमार ने शुक्रवार को बताया कि थाना सेहरामऊ दक्षिणी के गांव बरेंग के रहने वाले राम निवास ने 20 फरवरी को तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसकी पत्नी चन्द्रावती को गांव निवासी मिठ्ठूलाल अपने साथ ले गया है। इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस को जांच के दौरान 28 मार्च को ग्राम बरेंग में एक सरसों के खेत से मानव कंकाल बरामद हुआ जिसकी पहचान कपड़ों एवं अन्य वस्तुओं के आधार पर चन्द्रावती के रूप में की गई। इसके बाद विवेचना में हत्या से संबंधित धाराएं बढ़ाई गईं और संकलित साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई।

चन्द्रावती की हत्या के खुलासे के लिए एसओजी, सर्विलांस सेल और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम के लगातार प्रयासों के बाद शुक्रवार तड़के बरेंग रोड से आरोपी मिट्ठूलाल (35) को गिरफ्तार कर लिया गया। मिट्ठूलाल ने पुलिस पूछताछ में बताया कि मृतका चन्द्रावती के साथ उसके प्रेम संबंध थे और वह उसके साथ रहने का दबाव बना रही थी। दोनो पहले से विवाहित थे और संबंधों को लेकर उसके पारिवारिक जीवन में लगातार तनाव बना हुआ था। विवाद बढ़ने पर उसने 31 जनवरी की रात में गला दबा कर हत्या कर दी और शव को सरसों खेत में फेंक दिया। बाद में संदेह से बचने के लिए मृतका के मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर उसके जीवित होने का आभास देने की कोशिश की तथा मोबाइल को नष्ट कर दिया।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी मिट्ठूलाल की निशान देही पर मोबाइल के टूटे हुये अवशेष भी बरामद किए है। आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित