शाहजहांपुर , अगस्त 17 -- उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के थाना पुवायां क्षेत्र में रविवार रात से हो रही लगातार बारिश के बीच सोमवार सुबह मकान का लिंटर गिरने से मलबे में दबकर चाचा और उनके तीन वर्षीय भतीजे की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

पुलिस क्षेत्राधिकारी पुवायां प्रवीण मलिक ने बताया कि थाना पुवायां क्षेत्र के मुड़िया कुरमियात गांव में बारिश के दौरान एक कच्ची दीवार गिरने से राजन (25) के मकान का लिंटर भरभराकर गिर गया। मलबे में दबकर राजन और उनके तीन वर्षीय भतीजे आरव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला काजल गंभीर रूप से घायल हो गई।

उन्होंने बताया कि सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से मलबा हटाकर सभी को बाहर निकाला और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों ने राजन और आरव को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल काजल को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित