शाहजहांपुर , अक्टूबर 02 -- उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के थाना खुदागंज क्षेत्र में मंदिर में सो रहे दो साधुओं की हत्या कर शव जलाने के मामले में पुलिस ने शुक्रवार तड़के एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त करीब ढाई फीट लंबी लोहे की रॉड भी बरामद की है।

क्षेत्राधिकारी तिलहर (सीओ) विदुष सक्सेना ने बताया केि थाना खुदागंज क्षेत्र के गांव सूथा निवासी सुमित कुमार सिंह (35) ने मंदिर में सोते समय दो संन्यासियों बाबा गोपाल दास (70) और बाबा बिहारी दास (60) पर लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी थी और दोनों के शवों पर ज्वालशील पदार्थ डालकर जला दिया था। आरोपी सुमित कुमार सिंह को पुलिस ने कठिना नदी पुल से मझिला की ओर जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार कर लिया हैं।

गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में बताया कि 30 सितम्बर और एक अक्टूबर की रात ग्राम सूथा स्थित मंदिर में सो रहे बाबा गोपाल दास और बाबा बिहारीदास की लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी और मंदिर में रखी लकड़ियों तथा दीपक जलाने के लिए रखे घी से दोनों शवों को जला दिया।आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह स्वयं मंदिर में रहना चाहता था और पकड़े जाने के डर से घटना में प्रयुक्त रॉड को मंदिर के पास झाड़ियों में छिपाकर कठिना नदी के जंगल में जाकर छिप गया था। पुलिस के अनुसार, वह जंगल से निकलकर दिल्ली जाने की फिराक में था, तभी उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

श्री सक्सेना ने बताया इस मामले में पुलिस ने शिव कुमार सिंह की तहरीर पर खुदागंज थाने में सुमित के विरुद्ध हत्या की धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी के विरुद्ध पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें शस्त्र अधिनियम के मामले भी शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित