शाहजहांपुर , जून 20 -- उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के थाना सदर बाजार पुलिस ने शनिवार को बुजुर्ग महिला के खाते से 17 लाख से ज्यादा रूपये धोखाधड़ी कर निकालने के मामले में मां-बेटे को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लाखों रूपये की ज्वैलरी और नकदी बरामद की है।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर देवेंद्र कुमार शनिवार को बताया कि थाना सदर बाजार में वादिनी के मोबाईल फोन की सिम चोरी कर उक्त सिम से लिंक खाता के माध्यम से धोखाधड़ी कर 17 लाख 19 हजार 500 रूपये चोरी करने के सम्बन्ध में धारा 303(2)/ 318(4) बीएनएस पंजीकृत किया गया था। जिसमें अभियुक्तों को गिरफ्तारी और माल बरामदगी के लिए टीम का गठन किया गया था। पुलिस टीम ने मुकदमें में वांछित अभियुक्त ऋतिक सिंह और उसकी मां रेखा सिंह को रिंग रोड अंडरपास शहवाज नगर से गिरफ्तार किया है।
उन्होंने अभियुक्तों से की गई पूछताछ के हवाले से बताया कि उनका वृद्ध महिला के घर आना जाना था। वे लोग आपस मे रिश्तेदार है।उनके खाते संपत्ति बेचने से लगभग 52 लाख रूपये मिले थे। जिसकी उन्हे जानकारी थी। ऋतिक ने पहले महिला के बैंक में रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर का प्रयोग करके डेबिट कार्ड आर्डर किया, जिसे ऋतिक ट्रैक करता रहा । फिर अपनी माँ रेखा देवी को वादिनी बताकर डेबिट कार्ड रिसीव कर लिया । डेबिट कार्ड मिलने के बाद ऋतिक ने अपने मामा प्रेम प्रकाश एवं माँ रेखा देवी के माध्यम से वादिनी का फोन प्राप्त कर यूनियन बैंक के एटीएम से पहले पिन जनरेट किया फिर उसी एटीएम से 09 जून ट्रांजेक्शन करके कुल एक लाख रूपये निकाले ।
उसके बाद ऋतिक ने बैंक मे पंजीकृत नंबर की सिम अपने पास रख ली और जरूरत पडने पर उसे समय समय पर अपने स्मार्टफोन मे चलाया। दिनांक 16 जून तक ऋतिक, उसकी माँ रेखा देवी और मामा प्रेमप्रकाश द्वारा कुल 29 बार एटीएम से 3 लाख 40 हजार रूपये तीन बार मे यूपीआई से 1 लाख 37 हजार रूपये, पीओएस के माध्यम से 11 लाख 94 हजार रूपये एवं आईएमपीएस के माध्यम से 48,000 रूपये कुल 38 ट्रांजेक्शन के माध्यम से विभिन्न जगहों से कुल 17 लाख 19 हजार 500 रूपये निकाले गए ।
इन रुपयों से ऋतिक एवं उसकी माँ ने सोने एवं डायमंड की ज्वेलरी खरीदी। पुलिस ने जांच के दौरान आरोपियों के कब्जे से विभिन्न ज्वैलर्स से खरीदी गई करीब 13 लाख 15 हजार रूपये मूल्य की सोने व डायमंड की ज्वैलरी और 36,642 रूपये नकद मोबाइल फोन तथा अन्य सामान बरामद किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित