शाहजहांपुर , सितंबर 21 -- उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के थाना गढ़िया रंगीन क्षेत्र में रविवार रात प्रेमिका द्वारा बार-बार रुपये मांगने से परेशान एक किशोर ने जहरीला पदार्थ खा लिया। बरेली में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में एक युवती समेत पांच लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया है।

क्षेत्राधिकारी तिलहर विदुष सक्सेना ने सोमवार को बताया कि थाना गढ़िया रंगीन थाना क्षेत्र के शिमरा डभौरा गांव निवासी 17 वर्षीय किशोर का 19 वर्षीय रिश्ते में बड़े भाई की साली से प्रेम प्रसंग चल रहा था। परिजनों की ओर से आरोप लगाया गया है कि युवती ने किशोर से करीब ढाई लाख रुपये ले लिये थे और एक लाख रुपये और मांग रही थी। इसी से परेशान होकर किशोर ने जहरीला पदार्थ खा लिया।

उन्होंने बताया कि हालत बिगड़ने पर परिजन इलाज के लिए उसे बरेली के निजी अस्पताल ले गये, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गयी। परिजन शव गांव लेकर पहुंचे और घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

सक्सेना ने बताया कि प्रारंभिक जांच में किशोर के नाबालिग होने तथा युवती के उसके बड़े भाई की साली होने की बात सामने आयी है। पुलिस ने दीपू, जोगराज, सुरेंद्र, मदनपाल और युवती के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित