शाहजहांपुर , फरवरी 05 -- शाहजहांपुर में वृद्धावस्था पेंशन घोटाले में बड़ी कार्रवाई करते हुए जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने पूर्व समाज कल्याण अधिकारी राजेश कुमार की चार करोड़ 49 लाख 24 हजार 941 रुपये की चल-अचल संपत्तियां कुर्क करने के आदेश जारी किए हैं। प्रशासन ने उन्हें वर्ष 2023 के पेंशन घोटाले का गैंग लीडर मानते हुए गैंगस्टर एक्ट के तहत यह कार्रवाई की है।

जांच में सामने आया था कि राजेश कुमार ने 2390 बुजुर्गों की वृद्धावस्था पेंशन की धनराशि अन्य खातों में स्थानांतरित कर करीब दो करोड़ 52 लाख रुपये का गबन किया। मामले में 2024 में एफआईआर दर्ज होने के बाद आरोपी को निलंबित कर जेल भेजा गया था। इस घोटाले में शामिल लगभग दस अन्य आरोपी भी पहले ही जेल जा चुके हैं।

कुर्क की गई संपत्तियों में आरोपी के नाम दो कारें, उसके पुत्र के नाम एक कार, सीतापुर के सिधौली क्षेत्र में कृषि भूमि, लखनऊ में पत्नी के नाम दर्ज एक मकान और गेस्ट हाउस शामिल हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि कुर्क संपत्तियों पर प्रशासक नियुक्त कर कब्जे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है तथा अन्य आरोपियों की भूमिका की भी गहन जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित