शाहजहांपुर , अप्रैल 20 -- उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने सोमवार को अहिल्याबाई होलकर सैटलाइट बस अड्डे का उद्घाटन किया। इस अवसर पर वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना भी उपस्थित रहे।
परिवहन मंत्री ने कार्यक्रम के दौरान कहा कि बढ़ती ऊर्जा जरूरतों को देखते हुए प्रदेश में रोडवेज बसों को चरणबद्ध तरीके से इलेक्ट्रिक बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि डीजल आधारित व्यवस्था पर निर्भरता कम करते हुए दिल्ली और उत्तराखंड मार्गों पर इलेक्ट्रिक बसें संचालित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक जिले में चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे, जहां एक साथ पांच बसों को चार्ज करने की सुविधा होगी।
कार्यक्रम में चार परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया। इनमें 12 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से निर्मित अहिल्याबाई होलकर सैटलाइट बस अड्डा, 19 करोड़ रुपये की लागत से पुराने बस अड्डे का जीर्णोद्धार, 11 करोड़ रुपये की लागत से तैयार वर्कशॉप तथा तीन करोड़ रुपये की लागत से बसों के लिए गोदाम शामिल हैं।
थाना रोजा क्षेत्र के निवाजपुर इलाके में निर्मित इस सैटलाइट बस अड्डे से अब दिल्ली, लखनऊ सहित लंबी दूरी के मार्गों की बसों का संचालन किया जाएगा। इससे शहर के मुख्य रोडवेज बस अड्डे पर यातायात का दबाव कम होने की उम्मीद है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित