शाहजहांपुर , अप्रैल 12 -- उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में एक पत्रकार को फेसबुक पेज के मैसेंजर पर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार सदर बाजार थाना क्षेत्र के मोहल्ला अलीजई निवासी कमल सिंह पेशे से पूर्णकालिक पत्रकार हैं। वह प्राइम न्यूज टीवी चैनल में जिला संवाददाता तथा उत्तर प्रदेश ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिला महामंत्री हैं। उनका फेसबुक पेज "कमल सिंह जर्नलिस्ट" नाम से संचालित है, जिस पर वह सरकारी योजनाओं, प्रशासनिक कार्यों, कानून व्यवस्था और जनहित से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से सामग्री प्रकाशित करते हैं।
तहरीर के अनुसार शुक्रवार रात करीब 2:45 बजे उनके फेसबुक पेज के मैसेंजर पर एक संदेश आया, जिसमें जान से मारने की धमकी दी गई। यह संदेश सत्येंद्र त्रिपाठी नाम की फेसबुक आईडी से भेजा गया था।
पत्रकार ने आशंका जताई है कि कुछ दिन पहले उन्होंने भोपाल के कुख्यात ईरानी गैंग के मुखिया आबिद अली उर्फ रहमान डकैत उर्फ राजू ईरानी के शाहजहांपुर कनेक्शन को लेकर खबर प्रकाशित की थी। इसी कारण गैंग से जुड़े लोग नाराज हो सकते हैं। उन्होंने अपनी और परिवार की सुरक्षा को खतरा बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर पंकज पंत ने बताया कि पत्रकार द्वारा दी गई लिखित तहरीर, धमकी भरे संदेश के स्क्रीनशॉट, संबंधित फेसबुक आईडी लिंक और अन्य साक्ष्यों के आधार पर थाना सदर बाजार में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित