शाहजहांपुर , फरवरी 18 -- उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के थाना सदर बाजार क्षेत्र में पति के एक अन्य महिला के साथ अवैध संबंधों के चलते मृत्यु पूर्व वीडियो रिकॉर्ड करने के बाद पत्नी ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने एक महिला समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) राजेश द्विवेदी ने बुधवार को बताया कि थाना सदर बाजार क्षेत्र की रहने वाली पिंकी शुक्ला (38) ने महाशिवरात्रि के दिन रविवार को अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी इसके बाद मृतक की बेटी ने अपने नाना राधेश्याम मिश्रा को सूचना दी तब पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया था।

उन्होंने बताया कि मंगलवार रात में पुलिस में मृतका के पिता ने शिकायत दर्ज कराई कि दीपक शुक्ला (पति) का एक अन्य महिला के साथ अवैध संबंध थे जिस कारण मृतका को मानसिक व शारीरिक रूप से परेशान किया जाता था इसीलिए उनकी बेटी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।

पुलिस के मुताबिक मृतका ने नौ मिनट 35 सेकंड का एक वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड किया जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मृतका ने वीडियो में कहा है कि "मेरे पति का एक महिला के साथ अवैध संबंध है और महिला ने संबंध बनाने के दौरान उसके पति का वीडियो बना लिया जिसे वह वायरल करने की धमकी देकर कहती है कि अपनी पत्नी व बच्चों को छोड़ दो।"वीडियो में मृतका रोते हुए कहती है कि "मैं जीना चाहती हूं मगर 20 साल की शादी के बाद अब उत्पीड़न सहते सहते टूट गई हूं इसलिए मैं आज महाशिवरात्रि के दिन यह वीडियो बनाकर फांसी लगा रही हूं।"द्विवेदी ने बताया कि मृतका के पिता की शिकायत पर आरोपी दीपक शुक्ला व उसकी प्रेमिका, व राजेश शुक्ला ,रमेश शुक्ला के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाने) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित