शाहजहांपुर , मई 23 -- उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के खुटार थाना क्षेत्र में पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार को वाहन चेकिंग के दौरान दो अफीम तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से दो किलोग्राम फाइन क्वालिटी की अवैध अफीम तथा दो लाख रुपये से अधिक की नकदी बरामद की है। बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय कीमत लगभग दस लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी पुवायां प्रवीण मलिक ने बताया कि थाना खुटार पुलिस की संयुक्त टीम ग्राम लक्ष्मीपुर मोड़ पर वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार में रखे बैग से दो किलोग्राम अवैध अफीम और दो लाख पांच हजार रुपये नकद बरामद किए गए।

पुलिस ने मौके से कृष्ण कुमार गुप्ता (40) और वीकेश गुप्ता (36) को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी शाहजहांपुर जिले के थाना जलालाबाद क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। उन्होंने बताया कि तस्करी में प्रयुक्त कार को धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना खुटार में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित