शाहजहांपुर , जुलाई 06 -- उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के थाना सिधौली क्षेत्र में तीन साल से अपनी सौतेली बेटी से कथित रूप से दुष्कर्म करने के आरोपी की पुलिस हिरासत में रविवार रात तबीयत बिगड़ने से इलाज के दौरान मौत हो गई है।

पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने सोमवार को बताया कि थाना सिधौली अंतर्गत रहने वाली 17 वर्षीय नाबालिग ने अपने पति के साथ थाने में रविवार शाम को शिकायत दी थी कि उसका सौतेला पिता प्रदीप (36) पिछले 3 साल से उसके साथ दुष्कर्म कर रहा है अप्रैल 2026 में उसकी शादी दागरोची गांव में हो गई जिसके बाद से सौतेला पिता उसे ससुराल में रहने नहीं दे रहा है।

उन्होंने शिकायत के आधार पर बताया कि आरोपी पिता पीड़िता से जबरन दुष्कर्म करता था और जब पीड़िता मना करती तो वह जान से मारने की तथा उसके पति को पूरी बात बताने की धमकी देता था।

श्री दीक्षित ने बताया कि शिकायत के बाद रविवार शाम को आरोपी को पूछताछ के लिए थाने लाया गया। रात में उसकी तबीयत बिगड़ने लगी जब उसने पुलिसकर्मियों को बताया कि उसे सांस लेने में दिक्कत हो रही है जिसके बाद उसे तत्काल स्थानीय सरकारी अस्पताल ले जाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉक्टर जफर सैफी ने बताया कि पुलिस रात में प्रदीप को लेकर आई थी वह उच्च रक्तचाप (बीपी) का मरीज है उसका रक्तचाप काफी बड़ा हुआ था और बेहोशी की हालत में आ रहा था इसलिए प्राथमिक उपचार के बाद ऑक्सीजन लगाकर उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया था।

पुलिस ने इस मामले में पीड़िता की शिकायत के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में एक जांच टीम बना दी गई है जो पूरे मामले की जांच कर रही है यदि इस मामले में कोई पुलिसकर्मी दोषी पाया गया तो उसके विरुद्ध हम विधिक कार्रवाई की जायेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित