शाहजहांपुर , जुलाई 06 -- उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के थाना तिलहर क्षेत्र में रविवार रात तेज रफ्तार अज्ञात ट्रैक्टर ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी । इस हादसे में गांव के चौकीदार की मौत हो गई जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए।
क्षेत्राधिकारी तिलहर सीओ इशिका सिंह ने सोमवार को बताया कि थाना तिलहर क्षेत्र के वरी खास संपर्क मार्ग पर गांव दियाखेड़ा के पास धान की रोपाई कर लौट रहे मजदूरों से भरे ई-रिक्शा को एक अज्ञात ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। जिससे ई रिक्शा सड़क पर पलट गया इस हादसे में पांच लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जहां डॉक्टर ने गांव राजनपुर के निवासी चौकीदार कारण सिंह (53) को मृत घोषित कर दिया तथा घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। टक्कर के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन सहित फरार हो गया।
उन्होंने बताया कि इस हादसे में घायल ई-रिक्शा चालक कुलदीप सहित फूलन देवी, दिलशाद और फूलमती का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है।तहरीर मिलने पर विधिक कार्यवाही की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित