शाहजहांपुर , मई 04 -- उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के बंडा थाना क्षेत्र में एक चीनी मिल कर्मचारी ने प्रताड़ना से परेशान होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक द्वारा छोड़े गए सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दीक्षा भंवरे ने सोमवार को बताया कि भौंरखेड़ा गांव निवासी मनोज कुमार गंगवार (40) मकसूदापुर स्थित बजाज हिंदुस्तान चीनी मिल में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत थे। उन्होंने रविवार देर रात अपने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस के अनुसार, आत्महत्या से पहले मनोज गंगवार ने अपने घर के दरवाजे पर एक सुसाइड नोट चिपकाया था, जिसमें उन्होंने चीनी मिल के एचआर/एचडी और यूनिट हेड पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। सुसाइड नोट में कहा गया है कि उन पर लगातार काम का दबाव बनाया जा रहा था और उनके कई भुगतान भी रोक दिए गए थे।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने संबंधित आरोपों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित