शाहजहांपुर , मई 16 -- उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के थाना पुवायां क्षेत्र में शुक्रवार रात बंडा थाने में तैनात कांस्टेबल दिनेश चौधरी की कार डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे में कांस्टेबल की मौके पर ही मौत हो गई जबकि कार में बैठी महिला घायल हो गई। पुलिस ने महिला को अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी पुवायां (सीओ) प्रवीण मलिक ने शनिवार को बताया कि हरियाणा राज्य के भिवानी दादरी निवासी दिनेश चौधरी की 2018 में पुलिस विभाग में चयन हुआ था।पिछले एक साल से बंडा थाने में तैनात थे। शुक्रवार रात दिनेश चौधरी (30) एक महिला के साथ कार में सवार होकर कही जा रहे थे तभी अचानक उनकी कार पुवायां थाना क्षेत्र के पलिया मार्ग पर गांव भूडा मैंनारी पुल के पास अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। जिससे कार चला रहे कांस्टेबल दिनेश चौधरी घायल होकर कार की सीट के बीच फंस गए।
उन्होंने बताया कि सूचना पर पहुंची पुलिस कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे कांस्टेबल और महिला को बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टर ने कांस्टेबल को मृत घोषित कर दिया।परिजनों को सूचना देकर कांस्टेबल के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।घायल महिला की पहचान नहीं हो पाई है हालत गंभीर होने पर मेडिकल कालेज रेफर किया गया है।पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित