शाहजहांपुर , अप्रैल 27 -- उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर के थाना पुवायां क्षेत्र में शादी की बुकिंग पर कार ले गए ड्राइवर का गोली लगा शव खेत के पास खड़ी कार से बरामद हुआ है। मौके पर पुलिस के आलाधिकारी और फॉरेंसिक टीम जांच कर रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दीक्षा भंवरे ने सोमवार को बताया कि पुवायां थाना क्षेत्र के बड़ागांव के पास वीरमपुर जाने बाली सड़क किनारे खेत में कार से एक शव बरामद हुआ है जिसके पीठ में गोली लगी है। साक्ष्य संकलन के लिए फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया है।जांच के दौरान कार से एक अवैध तमंचा मिला है। मृतक की पहचान कुलदीप राठौर निवासी नई बस्ती दलेल गंज शाहजहांपुर के रूप में हुई है।मृतक के परिजनों से संपर्क स्थापित कर लिया गया है।हत्या के कारणों की जांच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि शव को पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के शीघ्र अनावरण हेतु पुलिस टीमों का गठन कर दिया गया है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित