शाहजहांपुर , अगस्त 13 -- उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत गुरुवार को भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अगुवाई में निकली रैली में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं, एनसीसी कैडेट्स, अधिकारियों और आम नागरिकों ने भाग लिया।
रैली राजकीय इंटर कॉलेज खिरनीबाग से शुरू होकर कचहरी चौराहा, सदर बाजार और टाउन हॉल होते हुए शहीद उद्यान पार्क पहुंचकर संपन्न हुई। जिलाधिकारी ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और गुब्बारे उड़ाकर रैली का शुभारंभ किया।रैली में छात्र-छात्राएं हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय, वंदे मातरम और इंकलाब जिंदाबाद के नारे लगाते हुए चल रहे थे। बैंड-बाजे और ढोल-नगाड़ों की धुन के बीच शहर का वातावरण देशभक्ति से सराबोर नजर आया।
जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान नौ से 17 अगस्त तक पूरे उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इसका उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय के अलावा तहसील, ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर पर भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी ने नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा हर घर तिरंगा अभियान के डिजिटल सेलिब्रेशन में भाग लेने की अपील की। उन्होंने तिरंगे के साथ सेल्फी और वंदे मातरम के गायन को अभियान की वेबसाइट पर अपलोड करने का भी आह्वान किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित