शाहजहांपुर , जुलाई 19 -- उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में नवस्थापित स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय ने छात्र हित और पारदर्शिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लोकपाल की नियुक्ति कर दी है। साथ ही विश्वविद्यालय में प्रवेश लेने वाले प्रत्येक छात्र-छात्रा को स्वास्थ्य एवं दुर्घटना बीमा का लाभ भी उपलब्ध कराया जाएगा।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. पुष्पेंद्र बहादुर सिंह ने रविवार को बताया कि जिले के 46 से अधिक महाविद्यालय विश्वविद्यालय से संबद्ध किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि प्रो. ए.के. सरकार को लोकपाल नियुक्त किया गया है, जो विश्वविद्यालय और संबद्ध महाविद्यालयों में प्रवेश, शुल्क, परीक्षा, शिक्षण व्यवस्था तथा अन्य मामलों से संबंधित शिकायतों का निष्पक्ष निस्तारण करेंगे। उन्होंने कहा कि लोकपाल के अधिकार क्षेत्र में कुलपति भी होंगे।
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में सामान्य शैक्षणिक पाठ्यक्रमों की फीस अन्य विश्वविद्यालयों की तुलना में लगभग 40 प्रतिशत तथा व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की फीस करीब 20 प्रतिशत कम रखी गई है। प्रत्येक छात्र-छात्रा को प्रवेश के समय स्वास्थ्य एवं दुर्घटना बीमा का लाभ भी दिया जाएगा।
प्रो. सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय में शीघ्र ही इंजीनियरिंग, प्रबंधन, कृषि, स्वास्थ्य विज्ञान तथा विदेशी भाषाओं सहित कई नए पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। इसके अलावा आसपास के दो गांवों को गोद लेकर वहां की शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की भी योजना है।
विश्वविद्यालय के मीडिया प्रकोष्ठ प्रमुख डॉ. विकास खुराना ने कहा कि स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय की स्थापना शाहजहांपुर के लिए मील का पत्थर साबित होगी। इससे न केवल क्षेत्र में उच्च शिक्षा को नई दिशा मिलेगी, बल्कि जिले के आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक विकास को भी गति प्राप्त होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित