नयी दिल्ली , अक्टूबर 03 -- केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग ने शास्त्रीय भाषाओं के अध्ययन, शोध, संरक्षण और प्रसार को बढ़ावा देने के लिए पांच उत्कृष्टता केंद्र स्थापित करने को मंजूरी दी है।
मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि ये केंद्र शास्त्रीय असमिया, शास्त्रीय बांग्ला, शास्त्रीय मराठी, शास्त्रीय पाली और शास्त्रीय प्राकृत के अध्ययन पर केंद्रित होंगे। शास्त्रीय असमिया के लिए तेजपुर विश्वविद्यालय, असम, शास्त्रीय बांग्ला के लिए विश्वभारती विश्वविद्यालय, पश्चिम बंगाल, शास्त्रीय मराठी के लिए डेक्कन कॉलेज पोस्ट-ग्रेजुएट एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट (डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी), पुणे, शास्त्रीय पाली के लिए सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ ओडिशा और शास्त्रीय प्राकृत के लिए सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ गुजरात में उत्कृष्टता केंद्र स्थापित किये जायेंगे। इन केंद्रों का उद्देश्य संबंधित शास्त्रीय भाषाओं में उन्नत अकादमिक शोध और विद्वतापूर्ण कार्य के लिए संस्थागत मंच उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही भाषाई और साहित्यिक संसाधनों के दस्तावेजीकरण, संरक्षण तथा डिजिटलीकरण पर भी विशेष जोर दिया जाएगा ताकि भारत की समृद्ध पाठ्य और साहित्यिक विरासत को दीर्घकाल तक सुरक्षित रखा जा सके।
मंत्रालय ने कहा कि इन पांच राज्यों असम, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, ओडिशा और गुजरात में केंद्रों की स्थापना से शास्त्रीय भाषाओं के अध्ययन और शोध के लिए क्षेत्रीय अकादमिक पारिस्थितिकी तंत्र मजबूत होगा। केंद्र संबंधित भाषाओं से जुड़ी ज्ञान परंपराओं और साहित्यिक विरासत के व्यापक प्रसार में भी भूमिका निभायेंगे। यह पहल देश की भाषाई और साहित्यिक विरासत के संरक्षण तथा उच्च शिक्षा संस्थानों को शोध और विद्वत्ता के प्रमुख केंद्रों के रूप में विकसित करने के प्रयासों को मजबूत करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित