लखनऊ , सितंबर 29 -- उत्तर प्रदेश लोक निर्माण विभाग ने बलिया, मुरादाबाद, बिजनौर और मेरठ जिलों में मार्गों के स्थलीय निरीक्षण तथा सड़कों से संबंधित आगणनों में किए गए प्रावधानों के परीक्षण के लिए तीन संयुक्त समितियों का गठन किया है।

विभाग की ओर से यह कार्रवाई प्रमुख सचिव द्वारा 19 सितंबर को विभागीय व्यय वित्त समिति की बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में की गई है।

प्रमुख अभियंता (विकास) एवं विभागाध्यक्ष अशोक कुमार द्विवेदी ने 21 सितंबर को आदेश जारी कर समितियों में नामित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है।

आदेश के अनुसार बलिया जनपद में मार्गों के निरीक्षण और आगणनों के परीक्षण के लिए उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम के प्रबंध निदेशक रामनाथ सिंह और आईडीएस वृत्त, लखनऊ के अधीक्षण अभियंता चन्द्रशेखर सिंह को समिति में नामित किया गया है।

इसी प्रकार मुरादाबाद और बिजनौर जनपदों के लिए मुख्य अभियंता (मुख्यालय-2), लखनऊ पवन वर्मा तथा पीएमजीएसवाई वृत्त, लखनऊ के अधीक्षण अभियंता सचिन कुमार को संयुक्त समिति में शामिल किया गया है।

मेरठ जनपद में जांच के लिए मुख्य अभियंता (परिवाद), लखनऊ प्रवीण कुमार तथा वरिष्ठ स्टाफ ऑफिसर (परिवाद) संजय कुमार गौतम को जिम्मेदारी दी गई है।

विभागीय आदेश में कहा गया है कि नामित समितियां निर्धारित तिथि को संबंधित जनपदों में निर्दिष्ट मार्गों का स्थलीय निरीक्षण करेंगी।

इस दौरान मार्गों से संबंधित प्रस्तुत आगणनों में किए गए प्रावधानों का मौके पर परीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण एवं परीक्षण के बाद समितियां अपनी आख्या उपलब्ध कराएंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित