सुकमा , अक्टूबर 15 -- छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बरतने के मामले में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तकनीकी सहायक और तीन ग्राम रोजगार सहायकों की सेवाएं समाप्त कर दी हैं, जबकि दो पंचायत सचिवों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
जिला प्रशासन से आज मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, कलेक्टर अमित कुमार के निर्देश पर यह कार्रवाई वीबी-जी राम जी योजना के अंतर्गत विकास कार्यों की धीमी प्रगति, रोजगार सृजन में लापरवाही और श्रमिकों की उपस्थिति दर्ज करने में अनियमितता को लेकर की गई है।
प्रशासनिक समीक्षा में पाया गया कि संबंधित कर्मचारियों द्वारा योजना के तहत निर्धारित मानव दिवस सृजित करने, विकास कार्यों को स्वीकृति दिलाने और ग्रामीणों को समय पर रोजगार उपलब्ध कराने में अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई जा रही थी। इसके अलावा राष्ट्रीय मोबाइल निगरानी प्रणाली (एनएमएमएस) के माध्यम से श्रमिकों की उपस्थिति दर्ज करने में भी लापरवाही सामने आई थी।
जारी आदेश के अनुसार, जनपद पंचायत सुकमा के तकनीकी सहायक अनिल कवासी, जनपद पंचायत कोंटा की ग्राम पंचायत मरईगुड़ा के रोजगार सहायक सोयम जोगेश्वर (जोगेश कुमार), जनपद पंचायत सुकमा की ग्राम पंचायत सिरसट्टी के रोजगार सहायक सुरेन्द्र पदामी तथा जनपद पंचायत छिंदगढ़ की ग्राम पंचायत पुसगुन्ना के रोजगार सहायक देवाराम मुचाकी की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं।
इसी क्रम में ग्राम पंचायत मिलमपल्ली के सचिव मड़कम लख्खा, जिनके पास पोटकपल्ली का अतिरिक्त प्रभार था, तथा ग्राम पंचायत ढोंढरा के सचिव मौसम तम्मैया, जिनके पास डब्बाकोंटा का अतिरिक्त प्रभार था, को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
प्रशासन के अनुसार, तकनीकी सहायक अनिल कवासी के विरुद्ध कार्यों में लापरवाही के साथ अनुशासनहीनता की शिकायतें भी थीं। वह लगातार समीक्षा बैठकों से अनुपस्थित रहे। जिला एवं जनपद स्तर से उन्हें 12 बार कारण बताओ नोटिस जारी किए गए, लेकिन उन्होंने न तो कोई स्पष्टीकरण प्रस्तुत किया और न ही कार्यप्रणाली में संतोषजनक सुधार किया। इसके बाद उनकी सेवा समाप्त करने का निर्णय लिया गया।
जिला प्रशासन की इस कार्रवाई को शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और पंचायत स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित