कोलकाता , मई 30 -- पश्चिम बंगाल प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष शामिक भट्टाचार्य ने संकेत दिया है कि राज्य सरकार जनसंख्या नियंत्रण उपायों पर विचार कर सकती है।

शनिवार को बिधाननगर अस्पताल में सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण कार्यक्रम के शुभारंभ के अवसर पर श्री भट्टाचार्य ने कहा, "राज्य सरकार को परिवार नियोजन को प्राथमिकता देनी चाहिए और जन्म नियंत्रण एवं जनसंख्या प्रबंधन को बढ़ावा देने के लिए एक व्यापक अभियान शुरू करने पर विचार करना चाहिए।" उन्होंने प्रशासन से राज्य की बढ़ती जनसंख्या को नियंत्रित करने के लिए कदम उठाने का आग्रह किया।

श्री भट्टाचार्य ने 1990 में बंतला में हुई घटना का उल्लेख किया जिसमें टीकाकरण कार्यक्रम से लौटते समय स्वास्थ्य अधिकारियों पर हमला हुआ था। उन्होंने कहा कि अतीत में स्वास्थ्य अभियानों को धार्मिक रूढ़िवादिता के कारण प्रतिरोध का सामना करना पड़ा था।

उन्होंने कहा, "एक समय ऐसा भी था जब पोलियो टीका लगाने के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों को कई बाधाओं का सामना करना पड़ता था। कट्टरपंथी प्रचार के कारण हम कई बीमारियों को पूरी तरह से खत्म नहीं कर पाए। सरकार अभी-अभी बनी है और स्वास्थ्य मंत्री आने वाले दिनों में शपथ लेंगे। मुझे उम्मीद है कि मुख्यमंत्री अधिकारी जनता की भावनाओं को समझ चुके हैं और उन्होंने कई अनुकरणीय निर्णय लिए हैं। वह पश्चिम बंगाल की बढ़ती जनसंख्या को नियंत्रित करने का भी प्रयास करेंगे।"उन्होंने 36 साल पहले बंतला में स्वास्थ्य अधिकारियों से जुड़े सामूहिक बलात्कार एवं हत्या के मामले को याद करते हुए कहा कि एक स्वस्थ एवं प्रगतिशील समाज में परिवार नियोजन को अनिवार्य बनाया जाना चाहिए।

श्री भट्टाचार्य ने मुख्यमंत्री अधिकारी से जनसंख्या नियंत्रण उपायों पर विचार करने की अपील की और दावा किया कि राज्य में ऐसे उपायों की तत्काल आवश्यकता है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी कहा कि नयी सरकार सभी नागरिकों को जातिगत भेदभाव के बिना स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि यह सरकार किसी विशेष समुदाय के लिए नहीं है। यह पश्चिम बंगाल के सभी 10 करोड़ लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

डॉक्टरों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को संदेश देते हुए श्री भट्टाचार्य ने कहा कि सरकार स्वतंत्र रूप से काम करेगी और चिकित्सा कर्मियों के तबादलों सहित प्रशासनिक निर्णयों में राजनीतिक हस्तक्षेप की अनुमति नहीं देगी।

केंद्र सरकार के सहयोग से आज पश्चिम बंगाल में टीकाकरण अभियान शुरू किया गया। इस कार्यक्रम के अंतर्गत सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से 14 और 15 वर्ष की लड़कियों को सर्वाइकल कैंसर का टीका लगाया जाएगा।

राज्य सरकार के अनुसार, टीकाकरण अभियान का लक्ष्य सात लाख से अधिक लाभार्थियों को कवर करना है और इसे राज्य में 235 स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से लागू किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित