शामली , फरवरी 14 -- उत्तर प्रदेश के शामली जिले में अदालत के आदेश पर शराब नष्ट करने की कार्रवाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में दो पुलिसकर्मी, एक जेसीबी चालक और एक चौकीदार झुलस गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार थाना झिंझाना क्षेत्र के जनोद में शनिवार को यह हादसा उस समय हुआ, जब करीब 350 पेटी शराब नष्ट की जा रही थी। कार्रवाई के दौरान कर्मचारियों ने एक प्लास्टिक के कट्टे में आग लगाकर शराब के ढेर में डाल दिया, जिससे गैस बनने के कारण तेज धमाका हो गया और आग भड़क उठी। आग की चपेट में आकर हेड कांस्टेबल जॉनी, कांस्टेबल ललित कुमार, चौकीदार नवाब और जेसीबी चालक सुनील झुलस गए। घटना के समय थाना समाधान दिवस के चलते एसडीएम ऊन और सीओ कैराना भी मौके पर मौजूद थे।

घायलों में से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि एक गंभीर रूप से झुलसे व्यक्ति को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित