शामली , जून 23 -- उत्तर प्रदेश में शामली जिले के कोतवाली कैराना इलाके में स्थित मुगल गार्डन मैरिज होम को मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण (एमडीए) ने सील कर दिया है। यह कार्रवाई कुछ दिन पूर्व वलीमे की दावत में कथित तौर पर गोमांस परोसे जाने के मामले में की गई है।

प्राधिकरण ने भवन को अवैध निर्माण घोषित करते हुए सीलिंग की कार्रवाई की। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि मामला 18 जून का है, जब कैराना कोतवाली क्षेत्र के गांव खुरगान में गोकशी की सूचना पर पुलिस ने छापा मारा था। पुलिस को मौके से गोवंश की खाल और अन्य अवशेष मिले थे। जांच के दौरान पुलिस मोहल्ला रेतेवाला स्थित मुगल गार्डन पहुंची। मुगल गार्डन में मोहल्ला छड़ियान निवासी फरमान के वलीमे का कार्यक्रम चल रहा था। कुछ लोगों का आरोप था कि दावत में गोमांस से बना भोजन परोसा जा रहा था।

पुलिस ने मौके पर मौजूद भोजन को नष्ट कराया और दूल्हे फरमान तथा उसके मामा सलमान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बाद में मुगल गार्डन के संचालक अनीस अहमद को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। मंगलवार को मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण की टीम पुलिस बल के साथ मुगल गार्डन पर पहुंची और भवन को अवैध निर्माण घोषित करते हुए सील कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि मामले में अग्रिम कार्रवाई के तहत भवन को ध्वस्त करने की कार्रवाई भी जल्द की जाएगी।

गौरतलब है इस मामले में आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर यशवीर महराज वी हिंदू संगठनों ने आंदोलन की चेतावनी देने के बाद प्रशासन हरकत में आया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित