शामली (वार्ता) उत्तर प्रदेश में कैराना पुलिस ने अवैध हथियार तस्करी का भंडाफोड करते हुए चार तस्करों को गिरफ्तार किया है जबकि एक आरोपित अभी फरार है। पुलिस ने बडी संख्या में अवैध हथियार भी बरामद किए हैं। पुलिस फरार आरोपित की तलाश में दबिश दे रही है।

पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह ने बताया कि कैराना पुलिस ने अंतर्राज्यीय स्तर पर हथियारों की तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड करते हुए चार हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हथियार तस्करों के कब्जे से एक पिस्टल .32 बोर, 8 तमंचे 315 बोर, दो तमंचे 12 बोर, बडी संख्या में कारतूस व हथियार तस्करी में प्रयुक्त बाइक भी बरामद की है।

पूछताछ के दौरान तस्करों ने अपने नाम सौरभ पुत्र वीरेन्द्र निवासी गांव बराला थाना कैराना, समीर पुत्र आबिर निवासी बराला कुकरहेडी थाना कैराना, उस्मान उर्फ गोल्डी पुत्र सूफियान व कौसर पुत्र कबूल निवासीगण गांव बराला थाना कैराना बताया। एसपी ने बताया कि पकडे गए तस्कर अवैध हथियारों की खरीद फरोख्त के काम से मिलने वाले पैसे से अपने शौक पूरे करते थे तथा कम कीमत पर हथियार खरीदकर अधिक कीमत पर बेच देते थे। तस्कर कैराना के गांव तितरवाडा निवासी आरिफ से हथियार खरीदते थे, फिलहाल आरिफ फरार है जिसकी तलाश में पुलिस लगी हुई है, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित