बैतूल , अप्रैल 12 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के शाहपुर क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में शादी की तैयारियों में जुटी 25 वर्षीय युवती की मौत हो गई। युवती अपनी शादी के निमंत्रण पत्र बांटने के लिए निकली थी, तभी उसकी स्कूटी को एक ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है।

पुलिस के अनुसार गुरगूंदा निवासी उषा उर्फ हीरा उइके रविवार सुबह शाहपुर बायपास से गुजर रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवती ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बताया जा रहा है कि उषा एक निजी वित्त कंपनी में कार्यरत थी और परिवार की जिम्मेदारियों में सक्रिय रूप से सहयोग करती थी। वह चार बहनों में सबसे बड़ी थी और उसकी शादी आगामी 12 मई को तय थी।

घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में शादी की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। ग्रामीण और रिश्तेदार परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में लापरवाही से वाहन चलाने की बात सामने आई है। अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच जारी है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित