वाराणसी , अगस्त 27 -- उत्तर प्रदेश के वाराणसी में राजातालाब थाना क्षेत्र के चर्चित श्रेया उपाध्याय (22) हत्याकांड में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गुरुवार को रामसहाय चौबे (65) को गिरफ्तार किया, जबकि मुख्य आरोपी और उसका पुत्र विवेक चौबे उर्फ निखिल अभी फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए चार विशेष टीमें लगाकर लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस के अनुसार मरुई निवासी श्रेया 18 अगस्त को अचानक लापता हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की। 20 अगस्त को उसका शव रोहनिया थाना क्षेत्र के बच्छाव पश्चिमपुरा स्थित एक मकान से बरामद हुआ। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद राजातालाब थाने में मुकदमा अपराध दर्ज किया गया।

पुलिस ने 24 अगस्त को मुठभेड़ के दौरान पहले आरोपी पुनीत मिश्रा (26) को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इसके बाद गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर राजातालाब पुलिस ने जमुआ तिराहा रेलवे क्रॉसिंग के पास से वांछित आरोपी रामसहाय चौबे पुत्र स्वर्गीय मंगला प्रसाद चौबे, निवासी नियारडीह, थाना चोलापुर को गिरफ्तार कर लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित