बिलासपुर , मार्च 26 -- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के तखतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुआं में एक शादी समारोह के दौरान बारातियों और स्थानीय लोगों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। यह जानकारी गुरुवार दी गयी। घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए हैं। पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पहला मामला बारात पक्ष की ओर से ग्राम मोढे निवासी बलदेव रजक की शिकायत पर दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार, वह बुधवार को चन्द्रमिलेश की बारात के साथ ग्राम कुआं गए थे। देर रात करीब 12:30 बजे पंडाल में भोजन के दौरान कुछ स्थानीय लोग वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी, जिससे बलदेव रजक के सिर एवं जांघ में चोट आई, वहीं पवन पटेल के हाथ में भी चोट पहुंची। अन्य बारातियों के घायल होने की भी जानकारी मिली है।
वहीं, दूसरे पक्ष से ग्राम कुआं निवासी जगन्नाथ यादव ने भी थाना तखतपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि बारातियों के लिए उनके घर में नाश्ते की व्यवस्था की गई थी। नाश्ते के बाद जब बाराती लौट रहे थे, तभी कुछ लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
विरोध करने पर वे घर में घुस आए और मारपीट के साथ तोड़फोड़ की। शिकायत के अनुसार, बीच-बचाव करने आए परिवार के सदस्यों के साथ भी मारपीट की गई तथा घर में रखे सामन को नुकसान पहुंचाया गया। इस घटना में उनके परिवार के कई सदस्य घायल हुए हैं।
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराया जा रहा है तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान लिए जा रहे हैं। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित