मुंबई , जुलाई 29 -- सन नियो के लोकप्रिय धारावाहिक 'थोड़ी सी उम्मीद, थोड़ा सा आसमान' में वैदेही की भूमिका निभा रहीं अभिनेत्री आरती बिराजदार का कहना है कि शादी का मतलब कभी भी अपने सपनों को छोड़ना नहीं होना चाहिए।शो में इन दिनों वैदेही की शादी का ट्रैक चल रहा है। शादी की तैयारियों के बीच वह अपनी पढ़ाई और परीक्षा की तैयारी भी कर रही है तथा परिवार और अपने भविष्य के बीच संतुलन बनाने का प्रयास कर रही है। यह कहानी उन महिलाओं के संघर्ष और दृढ़ संकल्प को दर्शाती है, जो जिम्मेदारियों के साथ अपने सपनों को भी जीवित रखती हैं।
आरती बिराजदार ने कहा, "शो में इस समय वैदेही की शादी हो रही है और साथ ही वह अपनी परीक्षा की तैयारी भी कर रही है। वह अपनी जिंदगी के इन दोनों महत्वपूर्ण पड़ावों को साथ लेकर चलने की कोशिश कर रही है। मैं यह कहानी पर्दे पर निभा रही हूं, लेकिन वास्तविक जीवन में भी अनेक लड़कियां पढ़ाई, नौकरी, शादी और परिवार की जिम्मेदारियों को एक साथ संभालती हैं।"उन्होंने कहा, "घर और परिवार की जिम्मेदारियों के साथ अपने सपनों को पूरा करना आसान नहीं होता, लेकिन फिर भी कई महिलाएं हर दिन यह सब करती हैं। मैंने ऐसी लड़कियों की कहानियां भी सुनी हैं, जो अपनी शादी के जोड़े में ही परीक्षा देने पहुंचीं, परीक्षा खत्म की और फिर वापस अपनी शादी में शामिल हो गईं। ऐसा करने के लिए जिस हिम्मत और लगन की जरूरत होती है, वह वास्तव में प्रेरणादायक है।"आरती ने कहा, "ऐसी हर लड़की को मेरा दिल से सलाम, जो अपनी जिम्मेदारियों को निभाते हुए भी अपने सपनों को नहीं छोड़ती। वे भले ही आम लड़कियां हों, लेकिन उनके हौसले और मेहनत उन्हें खास बनाते हैं। शादी का मतलब कभी भी अपने सपनों को छोड़ना नहीं होना चाहिए।"'थोड़ी सी उम्मीद, थोड़ा सा आसमान' का प्रसारण सोमवार से शनिवार शाम 7:30 बजे सन नियो पर किया जाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित