भोपाल , जून 02 -- मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले में पुलिस ने साइबर ठगी के शिकार एक युवक के बैंक खाते से निकाली गई 4 लाख 39 हजार रुपये की पूरी राशि वापस कराने में सफलता प्राप्त की है।

पुलिस मुख्यालय के अनुसार नरसिंहपुर जिले के ग्राम खंचारी निवासी एक युवक के मोबाइल फोन पर शादी के निमंत्रण के नाम से एक संदिग्ध एपीके फाइल भेजी गई थी। डिजिटल निमंत्रण समझकर फाइल खोलते ही उसका मोबाइल फोन साइबर अपराधियों के नियंत्रण में चला गया। इसके बाद ठगों ने युवक के बैंक खाते से 16 अलग-अलग लेनदेन के माध्यम से कुल 4 लाख 39 हजार रुपये निकाल लिए। घटना की जानकारी मिलने पर पीड़ित ने पुलिस से संपर्क किया।

पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा के निर्देशन में साइबर सेल की विशेष टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। टीम ने संबंधित बैंकों और वित्तीय संस्थानों से समन्वय स्थापित कर संदिग्ध खातों की पहचान की तथा आवश्यक तकनीकी और वित्तीय प्रक्रिया के माध्यम से राशि को होल्ड कराया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप पीड़ित की पूरी राशि वापस करा दी गई। राशि वापस मिलने पर पीड़ित और उसके परिजनों ने पुलिस का आभार व्यक्त किया। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात लिंक, एपीके फाइल, डिजिटल निमंत्रण, संदेश अथवा मोबाइल अनुप्रयोग को बिना सत्यापन डाउनलोड या खोलने से बचें। साथ ही किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना देने या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित