प्रयागराज , जून 3 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के नैनी क्षेत्र में एक नवविवाहिता ने शादी के महज चार दिन बाद फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली। उसका शव घर के कमरे में साड़ी के फंदे से लटकता मिला।
पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि नैनी के काजीपुर मोहल्ला निवासी श्याम मोहन केसरवानी के बड़े पुत्र गणेश का विवाह 29 मई को चंदौली जनपद के मुगलसराय क्षेत्र की रहने वाली संजना के साथ हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुआ था। विवाह के बाद दुल्हन ससुराल आ गई थी। बताया गया कि मंगलवार रात परिवार के सभी सदस्य भोजन करने के बाद सो गए। गणेश और उसकी पत्नी संजना भी दूसरी मंजिल पर स्थित अपने कमरे में चले गए। परिवार के अनुसार, संजना ने रात का भोजन नहीं किया था। गणेश ने उससे खाने के बारे में पूछा, लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया।
देर रात गणेश जब बाथरूम जाने के लिए उठा तो संजना कमरे में नहीं थी। उसने छत सहित अन्य स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन वह कहीं नहीं मिली। वापस लौटने पर कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी आवाज देने और दरवाजा खुलवाने का प्रयास करने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
परिजनों ने किसी तरह अंदर झांककर देखा तो संजना साड़ी के फंदे से लटकी हुई थी। इसके बाद घर में हड़कंप मच गया और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची नैनी पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा और जांच-पड़ताल के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस परिजनों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। वहीं, मायके पक्ष का कहना है कि संजना ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी जानकारी किसी को नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही घटना के कारणों पर स्पष्टता आ सकेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित