पन्ना , जून 28 -- मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में शादी का झूठा नाटक रचकर दो लाख रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने कथित लुटेरी दुल्हन को गिरफ्तार किया है। मामले में उसके सहित तीन लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है, जबकि दो अन्य आरोपी फरार हैं।
पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू ने बताया कि अमानगंज थाना क्षेत्र के मुकेहा गांव निवासी केतार सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 18 जून को नीरज पटेल नामक व्यक्ति ने फोन कर परिचित महिला से शादी कराने का प्रस्ताव दिया और इसके लिए दो लाख 20 हजार रुपये की मांग की। बाद में सौदा दो लाख रुपये में तय हुआ।
शिकायत के अनुसार 24 जून को फरियादी अपने परिजनों और परिचितों के साथ पवई पहुंचा, जहां आरोपी दो महिलाओं के साथ मिला। उसने फरियादी से दो लाख रुपये नकद लिए। इसके बाद वकील के माध्यम से कोर्ट मैरिज संबंधी नोटरी कराई गई तथा कलेही माता मंदिर में विवाह की रस्में पूरी कराई गईं।
पुलिस के अनुसार शादी के अगले दिन महिला भागने का प्रयास कर रही थी, जिसे फरियादी की बहन ने पकड़ लिया। पूछताछ में महिला ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि रुपये कमाने के उद्देश्य से साथियों के साथ मिलकर शादी का झूठा नाटक रचा गया था।
शिकायत के आधार पर अमानगंज थाना में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318 (4) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल भेज दिया गया। मामले में फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित