मुरैना , अप्रैल 10 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर में मुरैना निवासी एक युवक द्वारा विवाहिता से दोस्ती कर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी को मुरैना से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने फेसबुक के माध्यम से महिला से संपर्क कर दोस्ती की थी। इसके बाद 7 जुलाई 2025 को वह ग्वालियर पहुंचा और महिला को एक होटल में ले जाकर पहली बार दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी लगातार महिला को अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर लगभग एक वर्ष तक उसका शारीरिक शोषण करता रहा। जब पीड़िता ने शादी के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी मुकर गया और उसे जान से मारने की धमकी देने लगा।
महिला की शिकायत पर ग्वालियर के विश्वविद्यालय थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई करते हुए आरोपी को मुरैना से गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित