कोंडागांव , अप्रैल 13 -- छत्तीसगढ़ में कोंडागांव के फरसगांव थाना क्षेत्र में शादी का प्रलोभन देकर लंबे समय तक यौन शोषण करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से सोमवार को मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता ने रविवार को थाना फरसगांव में रिपोर्ट दर्ज कराई कि ग्राम पल्ली निवासी अजय मरकाम के साथ उसका वर्ष 2018 से प्रेम संबंध था। आरोप है कि अजय मरकाम ने शादी का आश्वासन देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और वर्ष 2024 तक लगातार विवाह का भरोसा देता रहा।
पीड़िता के मुताबिक जब उसने विवाह के लिए दबाव बनाया तो आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा और अंततः शादी से इंकार कर दिया। इस दौरान कई वर्षों तक कथित रूप से उसका शारीरिक शोषण होता रहा।
शिकायत के आधार पर थाना फरसगांव में धारा 69 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज की और उपलब्ध सूचनाओं के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी से मामले से जुड़े तथ्यों की जानकारी ली गई, जिसके बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई।
आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित