छिंदवाड़ा , अक्टूबर 04 -- नागपुर के सदर थाना क्षेत्र में 27 वर्षीय युवती को शादी का झांसा देकर कथित रूप से यौन शोषण करने के मामले में नागपुर पुलिस ने छिंदवाड़ा जिले से एक डॉक्टर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान संजय सुधीर विश्वास (28), निवासी गोनी बिछुवा, जिला छिंदवाड़ा के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर नागपुर ले गई, जहां शुक्रवार दोपहर उसे अवकाशकालीन अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे पुलिस हिरासत (पीसीआर) में भेज दिया।

पुलिस के मुताबिक पीड़िता निजी क्षेत्र में नौकरी करती है और उसकी आरोपी डॉक्टर से फेसबुक के जरिए पहचान हुई थी। सोशल मीडिया पर बातचीत के बाद दोनों की दोस्ती बढ़ी और बाद में प्रेम संबंध हो गए।

शिकायत में युवती ने आरोप लगाया कि डॉक्टर ने उसे शादी का भरोसा देकर संबंध बनाए। आरोप है कि 01 सितंबर 2024 से 23 सितंबर 2024 के बीच आरोपी उसे अलग-अलग स्थानों और होटलों में ले गया, जहां उसका कथित रूप से यौन शोषण किया गया। युवती के अनुसार, संबंध बनने के बाद उसने आरोपी से शादी करने की बात कही, लेकिन उसने शादी करने से इनकार कर दिया। शादी के लिए दबाव बनाने पर दोनों के बीच विवाद हुआ। शिकायत में आरोपी पर डराने-धमकाने के भी आरोप लगाए गए हैं।

शिकायत मिलने के बाद सदर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। आरोपी की लोकेशन छिंदवाड़ा जिले में मिलने पर पुलिस टीम वहां पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी को नागपुर लाया गया और अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस आरोपी और शिकायतकर्ता के बयानों के साथ अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित