राजनांदगांव , फरवरी 27 -- छत्तीसगढ़ में डोंगरगढ़ की पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण करने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता ने बुधवार को डोंगरगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वर्ष 2021 में राजनांदगांव जिले के एक विवाह समारोह के दौरान उसकी मुलाकात गौरी नगर, चिखली निवासी रवि यादव से हुई थी। परिचय बढ़ने के बाद आरोपी ने शादी का आश्वासन दिया और प्रेम संबंध स्थापित किए। आरोप है कि उसने शादी का झांसा देकर युवती के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए और लंबे समय तक उसका शोषण करता रहा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए राजनांदगांव पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा एसडीओपी डोंगरगढ़ श्री केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घेराबंदी कर हिरासत में लिया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने तथा पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले की विवेचना जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित