राजनांदगांव , जुलाई 01 -- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के घुमका थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता की शिकायत पर आरोपी राहुल बघेल (21), निवासी छोटे बिरेझर, थाना घुमका के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया। आरोप है कि इस साल छह मई को आरोपी ने युवती को अपने घर बुलाकर शादी का झांसा दिया और उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद वह लगातार शादी का आश्वासन देकर उसका शारीरिक शोषण करता रहा।
पीड़िता को आरोपी के धोखे का पता चलने पर उसने परिजनों के साथ घुमका थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
थाना प्रभारी विजय मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस ने फरार आरोपी की तलाश कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित