सहारनपुर , मई 29 -- देहरादून-विकासनगर के पहाड़ी इलाकों में हुई भारी बारिश के बाद देर रात शाकुंभरी देवी क्षेत्र में अचानक आई बाढ़ में दो महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई। प्रशासन ने क्षेत्र में 48 घंटे का हाई अलर्ट जारी करते हुए श्रद्धालुओं से अगले तीन दिनों तक शाकुंभरी देवी न आने की अपील की है।
एडीएम वित्त सलिल कुमार पटेल ने शुक्रवार दोपहर बताया कि मरने वाली दोनों महिलाओं की उम्र करीब 60 वर्ष थी। इनमें से एक की पहचान सावित्री पत्नी चंद्रभान निवासी गीतावली, लक्सर (हरिद्वार) के रूप में हुई है, जबकि दूसरी महिला की पहचान अभी नहीं हो सकी है। उन्होंने बताया कि सावित्री का परिवार धर्मशाला में ठहरा हुआ था। दोनों महिलाएं पानी का बहाव देखने निकली थीं, तभी तेज धारा में बह गईं।
राहत एवं बचाव कार्य में लगी टीमों ने दोनों शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। प्रशासन के अनुसार फिलहाल किसी अन्य जनहानि की सूचना नहीं है। पानी के तेज बहाव में ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत कई वाहन भी बह गए हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान, एसएसपी अभिनंदन सिंह तथा बाद में डीआईजी अभिषेक सिंह ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने बताया कि शाकुंभरी क्षेत्र में आपदा प्रबंधन दल की तैनाती कर दी गई है और लगातार निगरानी रखी जा रही है।
प्रशासन ने मृतक महिलाओं के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। वहीं खराब मौसम और भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए अगले 48 घंटे के लिए अलर्ट जारी किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित