ढाका , अगस्त 06 -- बंगलादेश के पूर्व क्रिकेट कप्तान और पूर्व सांसद शाकिब अल हसन के मगुरा स्थित पुश्तैनी घर पर पेट्रोल बम से हमला किया गया और तोड़-फोड़ की गई। यह घटना पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के साथ एक वर्चुअल संवाददाता सम्मेलन में शामिल होने के कुछ ही घंटों बाद हुई।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, यह हमला मगुरा शहर के केशवमोरे इलाके में शाकिब के घर पर बुधवार रात करीब 8.45 बजे हुआ। आरोप है कि अज्ञात बदमाशों ने घर पर पेट्रोल बम फेंका और फिर संपत्ति में तोड़-फोड़ की। घटना में किसी के हताहत होने की तत्काल कोई खबर नहीं है।

यह घटना नई दिल्ली में 'फॉरेन कॉरेस्पोंडेंट्स क्लब' द्वारा आयोजित संवाददाता सम्मेलन में शाकिब के वर्चुअल रूप से शामिल होने के बाद हुई, जिसमें हसीना ने निर्वासन (देश से बाहर रहने) के दौरान मीडिया को संबोधित किया था।

हमले की निंदा करते हुए, अवामी लीग ने इसे राजनीतिक रूप से प्रेरित कृत्य बताया और अपने विरोधियों पर पार्टी नेताओं और समर्थकों को निशाना बनाने का आरोप लगाया।

बातचीत के दौरान, हसीना ने कहा कि खतरों के बावजूद वह दिसंबर में अपने देश लौटने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित