नॉर्थ साउंड , जुलाई 07 -- वेस्टइडीज के लिए जस्टिन ग्रीव्स (180) और शाई होप (112) रनों की पारी के बावजूद असिता फर्नांडो (पांच विकेट) की अगुवाई में गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत श्रीलंका ने दूसरे टेस्ट मैच के चौथे दिन वेस्टइंडीज को 499 के स्कोर पर ऑलआउट करने के बाद स्टंप के समय दो विकेट पर 92 रन बना लिये है और उसकी कुल बढ़त 142 रनों की हो गई है।

वेस्टइंडीज ने चार विकेट पर 318 रन से आगे खेलना शुरु किया। सुबह के सत्र में शतक बनाने के बाद सोनल दिनुशा ने शाई होप (112) को आउटकर श्रीलंका को पांचवीं सफलता दिलाई। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये कप्तान रॉस्टन चेज ने पारी को संभालने का प्रयास किया। चेज को असिता फर्नांडो ने 23 रन पर आउट किया। एंडरसन फ़िलीप (शून्य) और शमार जोसेफ (पांच) रन को भी फर्नांडो ने आउट किया। अल्जारी जोसेफ (13) रन बनाकर आउट हुये। 116वें ओवर में फर्नांडो ने दोहरे शतक की ओर बढ़ रहे जस्टिन ग्रीव्स को आउटकर वेस्टइंडीज की पहली पारी का 499 रन के स्कोर पर अंत कर दिया। इसी के साथ श्रीलंका ने पहली पारी के आधार पर 50 रनों की बढ़त हासिल कर ली। जस्टिन ग्रीव्स ने 325 गेंदों में 14 चौके और दो छक्के लगाते हुए 180 रनों की पारी खेली। श्रीलंका की ओर से असिता फर्नांडो ने पांच विकेट लिये। प्रभात जयसूर्या को तीन विकेट मिले। मिलन रत्नायके और सोनल दिनुशा ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित