जोधपुर , मार्च 28 -- केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने जोधपुर में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वालों को कड़ी चेतावनी देते हुए दो टूक कहा है कि हमें शांति के दुश्मनों के खिलाफ लोकतांत्रिक 'शक्ति' के प्रयोग से परहेज नहीं है।

श्री शेखावत शनिवार को सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि जोधपुर ही नहीं, देश के किसी भी शहर में संस्कृति एवं परम्परा से खिलवाड़ करना और उसे सांप्रदायिक रूप देकर सामाजिकता पर चोट करने की कुचेष्टा नहीं चलेगी, यह साफ है। उन्होंने कहा कि जिसे भी यह लगता है कि वह ऐसा कर अपने षड्यंत्र में सफल होगा, उसे ऐसा सबक मिलना चाहिए कि जो इस तरह की मानसिकता वाले दूसरों के लिए भी उदाहरण बने। उन्होंने कहा कि सज्जन शक्ति का संगठित संचय ही सुरक्षित भविष्य का एकमात्र मार्ग है। उन्होंने बताया कि जानकारी मिलने के समय शुक्रवार रात से ही वह जिला और पुलिस प्रशासन से संपर्क में हैं और निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई के निर्देश दिये हैं।

उल्लेखनीय है कि जोधपुर में कुछ युवकों पर शुक्रवार रात पथराव कर हंगामा करने और गाड़ियों में तोड़फोड़ करने का आरोप हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित