दरभंगा , अगस्त 18 -- िहार के प्रतिष्ठित ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय (लनामिवि), दरभंगा में छात्र संघ चुनाव 2026-27 की तैयारियों को लेकर कुलपति प्रो. संजय कुमार चौधरी की अध्यक्षता में स्नातकोत्तर विभागाध्यक्षों एवं प्रधानाचार्यों की ऑनलाइन बैठक आयोजित की गयी।कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालयों में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष छात्र संघ चुनाव अत्यंत महत्वपूर्ण है। चुनाव के माध्यम से विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी का अवसर मिलने के साथ-साथ बेहतर एक्सपोजर भी प्राप्त होता है।उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों एवं प्रधानाचार्यों को अपने-अपने संस्थानों में शीघ्र दो से पांच सदस्यों वाली कोऑर्डिनेशन कमेटी गठित करने का निर्देश दिया। कमेटी पांच से सात दिनों के भीतर मतदाताओं की संख्या, आवश्यक मतदान केंद्रों की संख्या तथा संभावित व्यय सहित अन्य आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएगी।
प्रो. चौधरी ने मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. मुनेश्वर यादव को दो-तीन दिनों के भीतर चुनाव कार्यालय प्रारंभ करने तथा प्रत्येक सप्ताह अलग-अलग जिलों के चुनाव अधिकारियों, प्रधानाचार्यों एवं कोऑर्डिनेशन कमेटी के सदस्यों के साथ बैठक करने का निर्देश दिया। उन्होंने सितंबर में विश्वविद्यालय मुख्यालय में अलग-अलग जिलों के लिए दो-दो सत्रों में दो दिवसीय ऑफलाइन कार्यशाला आयोजित करने को भी कहा।
कुलपति ने लिंगदोह समिति के दिशा-निर्देशों के आधार पर तैयार चुनाव संबंधी बायलॉज की सॉफ्ट कॉपी सभी संबंधित सदस्यों को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने सदस्यों से आवश्यक लिखित सुझाव मुख्य चुनाव अधिकारी को भेजने को कहा, ताकि उचित संशोधन के बाद बायलॉज को विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालयों की वेबसाइट पर उपलब्ध कराया जा सके।उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव संबंधी अधिकांश कार्य प्रधानाचार्यों एवं विभागाध्यक्षों के माध्यम से कराया जाएगा, जबकि इसकी मॉनिटरिंग विश्वविद्यालय स्तर से की जाएगी। मतदान के लिए विद्यार्थी प्रवेश पत्र से मैप किए गए परिचय पत्र अथवा संबंधित शिक्षक द्वारा प्रमाणित नामांकन रसीद का उपयोग कर सकेंगे।
बैठक में प्रधानाचार्यों प्रो. मुश्ताक अहमद, प्रो. नारायण झा, डॉ. फूलो पासवान, डॉ. अवधेश कुमार सिंह, डॉ. मो. रहमतुल्लाह, प्रो. संजय कुमार झा एवं डॉ. विधान चंद्र भारती सहित अन्य सदस्यों ने चुनाव को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
सदस्यों ने नामांकन एवं परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए चुनाव की तिथि निर्धारित करने, छात्र संघ के प्रतिनिधियों से विमर्श करने, कोर कमेटी गठित करने, ऑनलाइन के साथ ऑफलाइन बैठक आयोजित करने, समय पर मतदाता सूची तैयार करने, चुनाव गाइडलाइन जारी करने, जिला प्रशासन से आवश्यक सहयोग लेने तथा चुनाव से पूर्व जमीनी स्थिति का आकलन करने का सुझाव दिया।
इसके अलावा कर्मचारियों से सहयोग लेने, विद्यार्थियों का परिचय पत्र तैयार कराने, पर्यवेक्षकों की नियुक्ति करने तथा नवस्थापित 30 महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को भी छात्र संघ चुनाव में शामिल करने का सुझाव दिया गया।
डीएसडब्ल्यू प्रो. अशोक कुमार मेहता ने स्वागत संबोधन में कहा कि लोक भवन, पटना के मार्गदर्शन तथा विश्वविद्यालय एवं जिला प्रशासन के सहयोग से शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव कराया जा सकता है।
मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. मुनेश्वर यादव ने बैठक का संचालन करते हुए छात्र संघ चुनाव सितंबर के अंतिम सप्ताह अथवा अक्टूबर के प्रारंभ में कराने का सुझाव दिया। उन्होंने सदस्यों द्वारा उठायी गयी विभिन्न आशंकाओं एवं सवालों का समाधान भी किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित