धर्मशाला , सितंबर 30 -- हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री शांता कुमार ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से जम्मू-कश्मीर को यथाशीघ्र पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि इस केंद्र शासित प्रदेश में अब राज्य का दर्जा देने के लिए आवश्यक सभी स्थितियां अनुकूल हो चुकी हैं।

जम्मू-कश्मीर विधानसभा में हाल ही में पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग वाले प्रस्ताव का जिक्र करते हुए शांता कुमार ने कहा कि इस मुद्दे पर सदन में लंबी चर्चा हुई, जिसमें भाजपा को छोड़कर अन्य सभी दलों ने प्रस्ताव का समर्थन किया।

धारा 370 का उल्लेख करते हुए उन्होंने याद दिलाया कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नेतृत्व में शुरू हुए आंदोलन में उन्होंने 1953 में 19 वर्ष की आयु में सत्याग्रह किया था और आठ महीने जेल में रहे थे।

श्री मोदी के धारा 370 हटाने के ऐतिहासिक कदम के बाद वहां शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न हुए हैं और जम्मू-कश्मीर अब देश का अभिन्न अंग है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के नेताओं और उच्चतम न्यायालय के बयानों एवं फैसलों में भी स्थिति सामान्य होने पर राज्य का दर्जा लौटाने की बात कही गयी थी।

उन्होंने श्री मोदी से अपील की कि वे स्वयं कश्मीर का दौरा कर एक ऐतिहासिक कार्यक्रम में जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य दर्जा देने की घोषणा करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित